बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नावाडीह थाना क्षेत्र के कुकुरलीलवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वृद्ध दंपती और बहू की बेरहमी से हत्या

जानकारी के अनुसार, नावाडीह थाना से करीब ढाई किलोमीटर दूर स्थित कुकुरलीलवा गांव में सुबह करीब 8 बजे आरोपी ने सबसे पहले एक वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया। महिला को बचाने पहुंचे उनके पति पर भी उसने ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहू पर भी हमला कर उसकी हत्या कर दी।

मृतकों की पहचान जानकी महतो, उनकी पत्नी और उनकी बहू के रूप में हुई है।

आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर होने की चर्चा

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी राजू सिंह मानसिक रूप से अस्थिर बताया जाता है। लोगों का कहना है कि वह पहले भी अपने परिजनों के साथ मारपीट कर चुका है। बीते सप्ताह उसने अपनी पत्नी की भी बेरहमी से पिटाई की थी, जिसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती है।

हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी राजू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना पर स्थानीय विधायक जयराम महतो ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version