रांची: झारखंड आंदोलन के महानायक, पद्मभूषण सम्मानित नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर मंगलवार को राजधानी रांची स्थित श्रद्धानंद रोड के कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड अस्मिता के महानायक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों और उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।

संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे शिबू सोरेन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष झारखंड के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और राज्य के विकास के लिए निरंतर संघर्ष किया। झारखंड राज्य के निर्माण और उसकी पहचान स्थापित करने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने किया नमन

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित नेताओं ने उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय की लड़ाई और झारखंड के निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन के विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version