गढ़वा : गढ़वा जिले की मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिले की 2,23,001 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल, मई और जून महीने की सम्मान राशि एक साथ डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर कर दी गई है।
सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, सभी स्वीकृत और पात्र लाभार्थियों के खातों में तीन माह की राशि जमा कर दी गई है। एक साथ तीन महीने की किस्त मिलने से महिलाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। यह आर्थिक सहायता घरेलू खर्चों के साथ-साथ महिलाओं की व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने में भी मददगार साबित होगी।
लाभार्थियों से बैंक खाते की जांच करने की अपील
प्रशासन ने सभी लाभार्थी महिलाओं से अपने बैंक खातों की जांच करने की अपील की है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सम्मान राशि उनके खाते में पहुंच चुकी है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने बताया कि पात्र लाभुकों के खातों में राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश
पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर जिला प्रशासन योजना के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ केवल पात्र महिलाओं तक पहुंचे।
उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए, वहीं किसी अपात्र व्यक्ति को इसका लाभ नहीं मिलना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह
जिला प्रशासन ने लाभार्थियों से अपील की है कि यदि सम्मान राशि प्राप्त करने में केवाईसी, बैंक खाते या किसी तकनीकी कारण से परेशानी आती है तो किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं।
ऐसी स्थिति में लाभार्थी सीधे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय या निकटतम बैंक शाखा से संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकते हैं।
