पलामू : झारखंड के पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र स्थित कधवन इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल बस के पास तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी, जिससे बस के खलासी की मौत हो गई। हालांकि इस दौरान बस में चढ़ रहे स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए।
बच्चों को बस में चढ़ाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कधवन इलाके में सुबह स्कूल बस खड़ी थी और बच्चे उसमें सवार हो रहे थे। इसी दौरान बस के खलासी नूर मोहम्मद बच्चों को सुरक्षित बस में चढ़ाने में लगे थे। तभी तेज गति से आया हाइवा अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया और खलासी उसकी चपेट में आ गए।
अस्पताल में हुई मौत
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल नूर मोहम्मद को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक का माहौल बन गया।
बच्चे सुरक्षित, टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में बस में चढ़ रहे स्कूली बच्चे सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हाइवा जब्त, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए।
