दुमका : झारखंड के दुमका-रामपुरहाट रेलखंड पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मोबाइल फोन में व्यस्त एक 15 वर्षीय छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के अंबाजोड़ा स्टेशन के पास की है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मोबाइल में व्यस्त रहने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र मोबाइल देखने में इतना व्यस्त था कि उसे ट्रेन के आने की आहट तक नहीं लगी। लोको पायलट द्वारा बार-बार हॉर्न बजाने के बावजूद वह सतर्क नहीं हुआ और कुछ ही क्षणों में ट्रेन की चपेट में आ गया।

मृतक की पहचान प्रभु राय के रूप में

मृतक छात्र की पहचान प्रभु राय के रूप में हुई है, जो स्थानीय हाई स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह रोज सुबह टहलने के लिए घर से निकलता था, लेकिन मंगलवार को वह मोबाइल देखते हुए रेलवे ट्रैक की ओर चला गया।

मौके पर ही हुई मौत

हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता शिवपूजन राय और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस और शिकारीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि रेलवे ट्रैक या सड़क पर चलते समय मोबाइल का उपयोग कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version