गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। हनवारा थाना क्षेत्र के गोरेगांवा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय जोहरा खातून, पति फिरोज आलम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बारिश से बचने के लिए घर में लिया था सहारा
जानकारी के मुताबिक जोहरा खातून सहित कई लोग खेत में जमीन नापी के कार्य के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। खराब मौसम से बचने के लिए सभी लोग पास के एक अल्बेस्टर घर में शरण लेने पहुंच गए।
इसी बीच अचानक घर के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
महिला की मौके पर मौत, चार लोग घायल
वज्रपात की घटना में जोहरा खातून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जाकिरुद्दीन, अजीम आलम, नशीम आलम और नशीमा खातून गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत नारायणी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। उनकी असामयिक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे क्षेत्र में संवेदना का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दे दी है।
मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
इधर लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
