साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले से एक बार फिर सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के कोर्ट परिसर को महज 10 दिनों के भीतर दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।

यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की तैनाती

सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसके साथ ही कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।

ईमेल भेजने वाले की तलाश तेज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल की गंभीरता से जांच की जा रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल की टीम भी सक्रिय हो गई है और तकनीकी जांच जारी है।

फिलहाल तलाशी अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। बावजूद इसके, सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त कर दिया गया है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि इससे पहले भी हाल ही में साहिबगंज कोर्ट को इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version