झारखंड : झारखंड के धनबाद और देवघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें झारखंड के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने संबंधित जिलों के पुलिस प्रशासन को तत्काल अवगत कराया। इसके बाद धनबाद और देवघर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई तथा व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
धनबाद में मुख्य डाकघर कराया गया खाली
धमकी मिलने के बाद धनबाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। जिस भवन में पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित होता है, वहां स्थित मुख्य डाकघर को एहतियात के तौर पर खाली करा दिया गया।
पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा कारणों से डाकघर से सटे बीएसएनएल कार्यालय और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के कार्यालय को भी खाली कराया गया। पुलिस पूरे परिसर की गहन जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है।
देवघर में एसपी के नेतृत्व में चल रही जांच
देवघर के प्रधान डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी इसी ईमेल के माध्यम से धमकी मिली। सूचना मिलते ही देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी।
डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस कार्यालय के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच कर रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
अब तक नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
पुलिस के अनुसार, धनबाद और देवघर दोनों स्थानों पर अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने तक दोनों पासपोर्ट कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

