गुमला : गुमला शहर के डीएसपी रोड इलाके में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व सचिव और वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य दिलीप गुप्ता के बंद घर को निशाना बनाते हुए 24 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात के बाद शहर के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, दिलीप गुप्ता 8 मई को इलाज के सिलसिले में पूरे परिवार के साथ रांची गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने रविवार देर रात वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद वह तुरंत गुमला लौटे।

पांच ताले तोड़कर घर खंगाला

दिलीप गुप्ता ने बताया कि चोरों ने घर के मुख्य गेट पर लगे दो ताले तोड़े और अंदर घुसने के बाद कुल पांच ताले तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला।

भुक्तभोगी के अनुसार, चोर करीब 7 लाख 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा घर में रखे पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी कर लिए गए। चोरी हुए सामानों में सोने की चेन, कान के झुमके, मांगटीका, ढोलना, सोने का जितिया, कान की बालियां, चांदी की पायल और बिछिया शामिल हैं।

इतना ही नहीं, करीब 4 लाख रुपये कीमत का एक कीमती सरिता गुच्छा भी चोर अपने साथ ले गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक कुल नुकसान 24 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

फुटेज में रविवार रात करीब 2 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति सिर झुकाकर घर के पास आता दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही चोरी करने वाले गिरोह तक पहुंचने की उम्मीद है।

व्यापारियों में बढ़ी नाराजगी

शहर के बीचोंबीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शहर के प्रमुख कारोबारी भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

फिलहाल पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version