जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के उपचुनाव को लेकर जमशेदपुर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यूनियन के तीन खाली कमेटी मेंबर पदों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है, जिसके बाद कंपनी परिसर में चुनावी माहौल गर्म हो गया है।
17 अप्रैल को होगा मतदान
चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई ने बताया कि 13 अप्रैल को उम्मीदवारों को नामांकन फॉर्म वितरित किए जाएंगे। इसके बाद 17 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। उसी दिन शाम को मतगणना होगी और देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
कई पुराने उम्मीदवार मैदान में
डिवीजन की दो सीटों के लिए विजय कुमार शर्मा, रवींद्र कुमार, अश्विनी तिवारी और विजय कुमार सिंह जैसे अनुभवी उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। वहीं इआरसी विभाग की एक सीट के लिए भी कई दावेदार सामने आ रहे हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
उम्मीदवार अपने-अपने विभागों में बैठकें कर रहे हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए सक्रिय प्रचार अभियान चला रहे हैं।
रिटायरमेंट से खाली हुई सीटें
तीनों सीटें कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के कारण खाली हुई हैं। एक्सल डिवीजन में सैयद मुनव्वर और शिव नारायण सिंह के रिटायर होने से दो पद खाली हुए, जबकि इआरसी विभाग में मनोज कुमार शर्मा के सेवानिवृत्त होने से एक पद रिक्त हुआ है।
चुनाव के बाद भरे जाएंगे अन्य पद
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूनियन की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उपाध्यक्ष और सहायक सचिव के खाली पदों को भी भरा जाएगा।
इस चुनाव को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और सभी की नजरें 17 अप्रैल के मतदान और परिणाम पर टिकी हैं।

