चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला जगन्नाथपुर अनुमंडल के जैतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हान वन क्षेत्र के मानिकपुर गांव का है, जहां ग्रामीणों ने सुबह एक नर दंतैल हाथी का शव देखा।
ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची टीम
हाथी का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों और पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया।
करंट लगने से मौत की आशंका
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अवैध करंट से बढ़ रहे खतरे
बताया जा रहा है कि फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए कई बार ग्रामीण खेतों के आसपास अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर देते हैं। ऐसे में वन्यजीवों के लिए यह जानलेवा साबित होता है और इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
पोस्टमार्टम के बाद दफनाया जाएगा शव
वन विभाग ने मौके पर ही हाथी का पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियमानुसार शव को दफनाने की तैयारी की जा रही है।
दोषियों पर होगी कार्रवाई
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। यदि करंट से मौत की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
