Chatra : चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के विधायक मोहल्ला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय नैयना प्रवीण के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार नैयना की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों के बीच गोलगप्पे खाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद युवती अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और पड़ोसियों को शक हुआ। बार-बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए। नैयना दुपट्टे के सहारे सीलिंग फैन से लटकी हुई मिली।

घटना की सूचना तुरंत प्रतापपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।

पति हिरासत में, जांच शुरू

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति गुलजार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस आत्महत्या एवं हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। मायके पक्ष की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवार सदमे में, गांव में तनाव

मृतका मूल रूप से हजारीबाग जिले के बकसपुरा की रहने वाली थी। शादी के बाद से अब तक दांपत्य जीवन सामान्य बताया जा रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवार सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version