बिजनौर : बिजनौर में एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आवारा कुत्ता बाइक से एक लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फुटेज में साफ दिखाई देता है कि कुत्ता बाइक के पास आता है, बैग को सूंघता है और फिर उसमें रखा काला पन्नी वाला पैकेट उठाकर वहां से भाग जाता है। माना जा रहा है कि कुत्ते ने इसे खाने-पीने की चीज समझ लिया था।

नमाज के दौरान हुई घटना

जानकारी के अनुसार, बुल्ला चौराहा निवासी नवाब पशुओं की दवाइयों का मेडिकल स्टोर चलाते हैं। शनिवार दोपहर वह शंभा बाजार स्थित किले वाली मस्जिद में नमाज अदा करने गए थे।

इस दौरान उन्होंने अपनी बाइक मस्जिद से कुछ दूरी पर एक गली में खड़ी कर दी थी। जल्दबाजी में उन्होंने बैग की चेन पूरी तरह बंद नहीं की, जिसमें दुकान की बिक्री के करीब एक लाख रुपये काली पन्नी में रखे हुए थे।

CCTV फुटेज से खुला राज

नमाज के बाद जब नवाब लौटे तो बैग से रुपये गायब थे। काफी तलाश के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, तो घटना का पूरा सच सामने आ गया।

फुटेज में एक आवारा कुत्ता बाइक के पास आता है और कुछ ही देर में बैग से पन्नी निकालकर भाग जाता है। इसके बाद इलाके में देर रात तक कुत्ते और पैसों की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

पुलिस को नहीं दी गई शिकायत

फिलहाल इस मामले में किसी तरह की लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोग भी हैरान हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version