रांची: हरमू रोड को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में रांची नगर निगम ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण, बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों और फुटपाथ पर लगे अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सोमवार को विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

48 भवनों को नोटिस, सात दिनों में कार्रवाई के निर्देश

समीक्षा बैठक में नक्शा शाखा ने बताया कि हरमू रोड क्षेत्र में अब तक 48 भवनों को नोटिस जारी किया गया है। इनमें 19 भवनों पर सेटबैक और सड़क भूमि पर अतिक्रमण, 21 भवनों पर अवैध निर्माण तथा 8 भवनों में आवासीय परिसर में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने का आरोप है।

नगर आयुक्त ने इन मामलों में सात दिनों के भीतर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अवैध होर्डिंग हटाने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम

बाजार शाखा की रिपोर्ट के अनुसार, फुटपाथ पर लगे 52 अवैध मोनोपोल, यूनिपोल और होर्डिंग्स पर नोटिस चस्पा किया गया है। संबंधित लोगों को तीन दिनों के भीतर इन्हें हटाने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर नगर निगम स्वयं इन्हें हटाएगा और खर्च संबंधित लोगों से वसूला जाएगा।

340 दुकानों के पास नहीं मिला ट्रेड लाइसेंस

राजस्व शाखा ने समीक्षा बैठक में बताया कि मॉडल कॉरिडोर क्षेत्र में संचालित 340 दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं पाया गया। सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर दिया गया है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सील किया जाए।

अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित शहर बनाने की पहल

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि मॉडल कॉरिडोर केवल सड़क निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहरी वातावरण विकसित करने की पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्शा स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा, ताकि हरमू रोड को शहर के आदर्श कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version