रांची: झारखंड में विधानसभा के चुनावी जंग में इस बार महिलाएं बड़ी ‘शक्ति’ होंगी। वोटर लिस्ट के आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं।

राज्य में वर्ष 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रति एक हजार पुरुष वोटरों के अनुपात में महिलाओं की संख्या 914 थी। इस बार प्रति एक हजार पुरुष वोटरों के अनुपात में महिलाओं की तादाद 981 है।

झारखंड विधानसभा चुनाव में महिला वोटरों की बढ़ती भूमिका

हाल में हुए लोकसभा चुनाव के बाद भी राज्य में महिला वोटरों की संख्या और अनुपात में उत्साहजनक वृद्धि दर्ज की गई है। मई-जून में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान प्रति एक हजार पुरुष वोटर पर महिलाओं की संख्या 963 थी।

अब प्रति हजार पुरुष वोटर पर 18 और महिलाएं बढ़ गई हैं। वोटर लिस्ट के अनुसार, राज्य में पुरुष वोटरों की कुल संख्या 1 करोड़ 31 लाख 44 हजार 236 है, जबकि महिला वोटरों की संख्या 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 19 है।

राज्य की 32 विधानसभा सीटों पर महिलाएं बनेंगी निर्णायक

राज्य की 81 में से 32 सीटें ऐसी हैं, जहां महिला वोटरों की तादाद पुरुषों से ज्यादा हैं। इन सीटों में बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, सरायकेला, खरसावां, चाईबासा, मझगांव, जगरनाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, खिजरी, हटिया, कांके, मांडर, तोरपा, खूंटी, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा और मनिका शामिल हैं।

अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीटों पर महिला वोटर अधिक

दिलचस्प आंकड़ा यह भी है कि जिन 32 सीटों पर महिला वोटरों की संख्या ज्यादा है, उनमें से 28 सीटें अनुसूचित जनजाति या अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं।

कोल्हान प्रमंडल में महिलाओं की मजबूत उपस्थिति

कोल्हान प्रमंडल की मझगांव सीट पर पुरुष वोटरों के मुकाबले महिला वोटरों की संख्या नौ हजार और जगरनाथपुर सीट पर करीब आठ हजार ज्यादा है। आठ विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां महिला वोटरों की संख्या पुरुषों की तुलना में चार से सात हजार ज्यादा है।

इस तरह करीब 40 फीसदी सीटों पर महिला वोटर संख्या के लिहाज से निर्णायक भूमिका में होगीं।

18-19 साल आयु वाले नए वोटरों की संख्या पर निगाह डालें तो यहां भी महिलाएं आगे निकल गई हैं। राज्य में इस आयु वर्ग के पुरुष वोटर 51 लाख 8 हजार 319 हैं, जबकि महिला वोटरों की संख्या 6 लाख 65 हजार 818 है। हिसाब लगाएं तो नए वोटरों में 56 प्रतिशत महिलाएं और 44 प्रतिशत पुरुष हैं।

चुनावी आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली संस्था इलेक्शन वॉच के प्रदेश संयोजक सुधीर पाल कहते हैं, ‘आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि झारखंड की महिलाओं में मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ी है। खास तौर पर जनजातीय इलाकों में महिला वोटरों की संख्या बढ़ना उत्साहजनक संकेत है।’

इसे भी पढ़ें

Jharkhand News: बीजेपी की पहली प्रत्याशियों की सूची आज हो सकती है जारी

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version