रांची: झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। इस संस्थान के शुरू होने के बाद अब राज्य के मरीजों को आंखों की गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उद्घाटन समारोह में कांके विधायक सुरेश बैठा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, रिम्स के चिकित्सक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अब झारखंड में ही मिलेगा आधुनिक नेत्र उपचार

समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के प्रत्येक नागरिक को अपने ही राज्य में आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि अब तक आंखों की जटिल बीमारियों और विशेष ऑपरेशन के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों में जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। लेकिन क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के शुरू होने से अब मोतियाबिंद, रेटिना संबंधी रोगों सहित आंखों की विभिन्न जटिल बीमारियों का उपचार और ऑपरेशन अत्याधुनिक मशीनों की मदद से रिम्स में ही किया जाएगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि यह संस्थान झारखंड के स्वास्थ्य ढांचे को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय नेत्र संस्थान शुरू होने से राज्य के हजारों गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें आंखों के बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि रिम्स में स्थापित यह अत्याधुनिक नेत्र संस्थान राज्य की चिकित्सा सेवाओं में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा और झारखंड के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version