पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के किताझोर मोहल्ले में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोप है कि शराब के नशे में बेटे ने हसुआ से हमला कर 60 वर्षीय पिता को मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान दिवाकर सरदार के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने आरोपी बेटे अनूप सरदार को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
बहाने से घर बुलाकर किया हमला
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात आरोपी अनूप सरदार ने किसी बहाने से अपने पिता को घर बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में अनूप ने घर में रखे हसुआ से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी रात में किसी को नहीं हो सकी। बुधवार सुबह मामला तब सामने आया, जब आरोपी अपनी एक बेटी को लेकर घर पहुंचा। घर की स्थिति देखकर परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पड़ोसियों ने बताई आरोपी की हरकतें
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी लंबे समय से शराब का आदी था और अक्सर घर में हंगामा करता था। पड़ोसियों का कहना है कि वह परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी करता था।
जानकारी के मुताबिक उसकी शादी पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में हुई थी और उसकी पांच बेटियां हैं। आरोप है कि वह पत्नी और बेटियों के साथ भी हिंसक व्यवहार करता था, जिसके कारण परिवार उससे अलग रहने लगा था।
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि कुछ वर्ष पहले आरोपी ने अपनी पत्नी को जलाने की कोशिश की थी। मृतक की पोती वर्षा सरदार ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से नशे में हिंसक व्यवहार करते थे और कई बार घर में आग लगाने की कोशिश भी कर चुके थे।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अनूप सरदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक अश्लोक पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बेटे द्वारा अपने पिता की इस तरह हत्या करना बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला है।
