रांची: झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम तथा डिजिटल लाइब्रेरी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके लिए विभाग ने एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए सभी राजकीय विश्वविद्यालयों, अंगीभूत महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का राज्यस्तरीय ऑनलाइन सर्वे कराने का निर्णय लिया है।

उच्च शिक्षा निदेशक सह कार्यपालक निदेशक सुधीर बाड़ा ने बताया कि सर्वे का उद्देश्य प्रत्येक संस्थान में उपलब्ध स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों और तकनीकी उपकरणों की वर्तमान स्थिति का आकलन करना है। सभी संस्थानों को 31 जुलाई तक गूगल फॉर्म के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्वे के आधार पर बनेगी विकास योजना

विभाग के अनुसार सर्वे से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण कर जिन संस्थानों में डिजिटल सुविधाओं की कमी होगी, वहां नए स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पुराने उपकरणों का नवीनीकरण, डिजिटल संसाधनों का विस्तार और पुस्तकालयों का स्वचालन (ऑटोमेशन) भी किया जाएगा।

छात्रों को मिलेगा आधुनिक शिक्षण का लाभ

सरकार का लक्ष्य राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित पढ़ाई, शोध कार्य और डिजिटल अध्ययन सामग्री तक बेहतर पहुंच मिल सके। विभाग का मानना है कि इस पहल से उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सीखने का बेहतर वातावरण मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version