सिमडेगा: सिमडेगा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।
पहली घटना केरसई थाना क्षेत्र के वनदुर्गा रोड की है। जानकारी के अनुसार, केशलपुर निवासी मिलेक्शन केरकेट्टा किसी रिश्तेदार के घर केरसई गया हुआ था। वहां से बाइक से लौटते समय वनदुर्गा के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के तामड़ा रोड पर हुई। पालकोट थाना क्षेत्र के सनईडीह गांव निवासी रजत सोरेंग किसी काम से फ़ारसाबेड़ा आया था। लौटते समय जनता उच्च विद्यालय के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दोनों हादसों की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
