रांची: राजधानी रांची में पुलिस की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वयं शहर की सड़कों पर उतरे। औचक निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
हिंदपीढ़ी थाना में मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पाया कि ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी के बजाय सिविल ड्रेस में मौजूद थे। इतना ही नहीं, थाना प्रभारी अपने ही ओडी अधिकारी का नाम भी नहीं बता सके। इस अनुशासनहीनता को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
थानों, पीसीआर वैन और सुरक्षा प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण
एसएसपी ने सिटी एसपी पारस राणा के साथ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों, रात्रि गश्ती दलों और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन, रात्रि गश्त और आम जनता के प्रति पुलिस की उपलब्धता का मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी की भी जांच की गई। साथ ही शहर के अलग-अलग इलाकों में तैनात पीसीआर वैन की सक्रियता और कार्यप्रणाली का भी आकलन किया गया।
मुस्तैद पुलिसकर्मियों की सराहना, लापरवाही पर सख्ती
एसएसपी ने ईमानदारी और मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना की। वहीं सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को हर समय सतर्क रहने, आम लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहने तथा रात के समय कानून-व्यवस्था भंग करने वाले और उपद्रव फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
