जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको रोड नंबर-2 में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। क्वार्टर नंबर एल-13 में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों में पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि परिवार के मुखिया और टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने इस वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद फरार हो गए।
घर के अंदर मिले तीन शव
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार रविंद्र प्रसाद सिंह अपने परिवार के साथ एग्रिको स्थित क्वार्टर में रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी सरिता सिंह, बेटी सुप्रिया सिंह और बेटा रविशेक कुमार शामिल थे।
पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविंद्र प्रसाद सिंह पर अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) की हत्या का आरोप है।
बताया जा रहा है कि हत्या कुल्हाड़ी से की गई है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि हत्या के तरीके और अन्य तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी।
खुद पुलिस को दी घटना की सूचना
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी थी।
इसके बाद वह मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।
गर्भवती थी बेटी, विवाद की भी चर्चा
जानकारी के अनुसार मृतक सुप्रिया सिंह शादीशुदा थीं और गर्भवती भी थीं। बताया जा रहा है कि रविंद्र प्रसाद सिंह इसी वर्ष फरवरी में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे।
घटना के बाद परिवार में चल रहे विवाद की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

