रांची : झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

कई जिलों में लू चलने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों, खासकर गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की आशंका है। इन इलाकों में गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय सतर्क रहने और बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

तेज आंधी और वज्रपात का भी अलर्ट

मौसम विभाग ने धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा समेत कई जिलों में गरज के साथ तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

इसके अलावा राजधानी रांची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

27 मई को आंशिक राहत के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 27 मई को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि गढ़वा और पलामू में लू का असर बना रह सकता है।

29 मई से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 और 30 मई से राज्य के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर ढकने और दोपहर में लंबे समय तक बाहर नहीं रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version