सरायकेला/खरसावां : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता से लोगों का भरोसा जीता है। थाना पुलिस ने पांच लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंपे।
थाना परिसर में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में थाना प्रभारी गौरव कुमार ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सम्मानपूर्वक लौटाए।
डेढ़ साल बाद मिला मोबाइल
मणीडीह (पदमपुर) गांव निवासी अमन सामड़ का मोबाइल 13 अक्टूबर 2024 को गुम हो गया था। करीब डेढ़ साल बाद मोबाइल मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि उन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की कोशिशों से यह संभव हो पाया।
अन्य लोगों को भी मिली राहत
इसी तरह संतारी गांव के रंजन कुमार पाल, जोजोकुड़मा के इस्माइल सिंह बोरमा, कुचाई के बडाचाकड़ी गांव के राम गुंदुवा और रीडिंग के जयप्रकाश हेंब्रम को भी उनके खोए मोबाइल वापस मिले। इन सभी के मोबाइल अलग-अलग समय पर गुम हुए थे।
सीईआईआर पोर्टल से मिला सहयोग
पुलिस के अनुसार सभी मोबाइल सीईआईआर पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए। इस तकनीक के जरिए गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढने में काफी सहूलियत मिलती है।
पुलिस पर बढ़ा भरोसा
लंबे समय तक मोबाइल नहीं मिलने के बाद लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की पहल से उन्हें राहत मिली। इस कार्रवाई से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

