लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित धन्नामुंजी गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे मड़वा उरांव ने गुस्से में अपनी पत्नी सुमरी उरांव (45 वर्ष) और मां रूपी उरांव (60 वर्ष) की सबल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में मड़वा उरांव, उसकी पत्नी और मां मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आरोपी का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने घर में रखे सबल से पहले पत्नी और फिर अपनी मां पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल सबल को जब्त कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया है।

“गुस्सा आया, इसलिए मार दिया”

ग्रामीणों के अनुसार, जब आरोपी से हत्या की वजह पूछी गई तो उसने कहा कि उसे गुस्सा आ गया था, इसलिए उसने दोनों की हत्या कर दी। गांव के लोगों का कहना है कि मड़वा उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार और अधिक असामान्य हो गया था।

बाल-बाल बच गए दोनों बच्चे

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 15 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। घटना के समय दोनों बच्चे घर से बाहर थे। लोगों का कहना है कि यदि बच्चे घर में मौजूद होते तो कोई और बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और गांव में मातम का माहौल है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

दोहरे हत्याकांड के बाद धन्नामुंजी गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। गांव के बुजुर्गों ने कहा कि इस तरह की घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।

लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजहों की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version