जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सोपोडेरा स्थित एक सरकारी स्कूल परिसर से नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ स्थानीय लोग स्कूल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर स्कूल परिसर के अंदर पड़े शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव एक किशोरी का है। इसके बाद तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
स्कूल परिसर को पुलिस ने किया सील
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर स्कूल परिसर को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष बताई जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि किशोरी शुक्रवार शाम से लापता थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
शरीर पर मिले संघर्ष के निशान
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी के शरीर पर घसीटे जाने और संघर्ष के निशान पाए गए हैं। इसके बाद इलाके में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद लेगी पुलिस
घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है। परिजन और स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद लेने की तैयारी कर रही है, ताकि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर आरोपी तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
