लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर की गई पुलिस जांच के दौरान डरी-सहमी हालत में एक युवती मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने एम्बुलेंस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि युवती को सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी में भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संदेह के आधार पर एक एम्बुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली। एम्बुलेंस पर “संचालन सहयोग आईएलबीएस नई दिल्ली एवं सदर अस्पताल रांची” लिखा हुआ था। जांच के दौरान उसमें एक युवती सवार मिली, जिसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। वह काफी डरी हुई थी और लगातार चिल्ला रही थी।

महिला पुलिसकर्मियों ने की पूछताछ

महिला पुलिसकर्मियों ने युवती से उसका नाम, पता और घटना की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस ने उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे कड़ी निगरानी में लातेहार भेज दिया।

चालक से पूछताछ जारी

पुलिस ने एम्बुलेंस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवती कौन है, वह किस स्थान की रहने वाली है और उसे एम्बुलेंस में किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

थाना परिसर में जुटी लोगों की भीड़

घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना और अस्पताल परिसर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और एएसआई रवि कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version