रांची : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के पूर्व योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए रविवार को राजधानी रांची में ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, योग प्रशिक्षकों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘रन फॉर योगा’ का शुभारंभ राज्य योगा सेंटर से किया गया। यह जागरूकता दौड़ शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए फिरायालाल चौक तक पहुंची। प्रतिभागियों ने दौड़ के दौरान योग के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
योग को जीवनशैली बनाने की जरूरत : शशि प्रकाश झा
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि योग केवल एक दिन मनाने का विषय नहीं है, बल्कि इसे जीवनभर अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग के माध्यम से कई बीमारियों की रोकथाम संभव है और यह बेहतर जीवनशैली की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
21 जून तक चलेंगे विशेष योग कार्यक्रम
शशि प्रकाश झा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से राज्यभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में 21 जून तक विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के बाद भी स्वास्थ्य केंद्रों में योग गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी, ताकि लोग नियमित रूप से योग को अपनाएं और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हों।
योग के प्रति बढ़ रहा जनजागरण
‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम के माध्यम से राजधानी में योग के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने योग को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन का आधार बताते हुए समाज के हर वर्ग से इसे अपनाने का आह्वान किया।
