रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आकांक्षा फेज-2 परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित इस परिणाम में राज्यभर के 497 परीक्षार्थियों में से 175 विद्यार्थियों को सफल घोषित किया गया है। जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने आधिकारिक रूप से परिणामों की घोषणा की।
रिजल्ट जारी होने के बाद परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख रहे हैं। आकांक्षा योजना का उद्देश्य राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इंजीनियरिंग वर्ग में सबसे अधिक विद्यार्थी सफल
जारी परिणाम के अनुसार इस वर्ष इंजीनियरिंग वर्ग में सबसे अधिक विद्यार्थियों का चयन हुआ है। कुल 175 सफल विद्यार्थियों में से 75 छात्रों का चयन इंजीनियरिंग स्ट्रीम के लिए किया गया है।
वहीं चिकित्सा शिक्षा की तैयारी के लिए 50 विद्यार्थियों को सफल घोषित किया गया है। इसके अलावा विधि शिक्षा से संबंधित क्लैट परीक्षा की तैयारी के लिए भी 50 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
सफल विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा
आकांक्षा योजना के तहत चयनित सभी विद्यार्थियों को आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, मार्गदर्शन और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।
जैक अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
जैक अध्यक्ष नटवा हांसदा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसका लाभ उठाकर वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
परीक्षा संचालन में सहयोग करने वालों का जताया आभार
डॉ. नटवा हांसदा ने परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, जिला समन्वयकों, शिक्षकों और अन्य संबंधित कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
