रांची के रास्ते चलेगी नई साप्ताहिक एक्सप्रेस

रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आनंद विहार टर्मिनल से पुरुलिया के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रांची के रास्ते संचालित होगी। रेलवे ने ट्रेन संख्या 14022 और 14021 का विस्तृत समय सारणी जारी कर दिया है।

22 कोच वाली आधुनिक ट्रेन होगी उपलब्ध

इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें जनरेटर यान का 1 कोच, एसएलआरडी का 1 कोच, सामान्य श्रेणी के 4 कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 7 कोच, वातानुकूलित 3-टियर के 6 कोच, वातानुकूलित 2-टियर के 2 कोच और वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का 1 कोच शामिल है।

2 अप्रैल से शुरू होगा संचालन

ट्रेन संख्या 14022 आनंद विहार टर्मिनल–पुरुलिया साप्ताहिक एक्सप्रेस 2 अप्रैल 2026 से प्रत्येक गुरुवार को आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 5 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बरेली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गढ़वा रोड, मेदिनीनगर, लातेहार, टोरी, लोहरदगा और रांची होते हुए पुरुलिया पहुंचेगी।

रांची में इस ट्रेन का आगमन सुबह 7:20 बजे और प्रस्थान 7:30 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि पुरुलिया में इसका आगमन 10:40 बजे होगा।

वापसी यात्रा 3 अप्रैल से

ट्रेन संख्या 14021 पुरुलिया–आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस 3 अप्रैल 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को पुरुलिया से शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, मेदिनीनगर, गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, अयोध्या कैंट, लखनऊ और बरेली होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

इस ट्रेन का रांची आगमन शाम 7:35 बजे और प्रस्थान 7:45 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि आनंद विहार टर्मिनल पर इसका आगमन रात 11:10 बजे होगा।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर विकल्प

इस नई ट्रेन के शुरू होने से झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। खासकर रांची और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए यह एक बेहतर यात्रा विकल्प साबित होगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version