रांची: रांची के रातू थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, रातू निवासी सुनील शर्मा की बेटियां संध्या कुमारी (16 वर्ष) और अर्चना कुमारी (12 वर्ष) 8 फरवरी की शाम करीब 5 बजे घर से दुकान जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं।

परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, पड़ोसियों और आसपास के इलाकों में दोनों बच्चियों की तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। बेटियों के अचानक गायब होने से परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इसके बाद बच्चियों के पिता सुनील शर्मा ने रातू थाना में आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि हर गुजरते घंटे के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है और आशंका बनी हुई है कि कहीं दोनों के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है और संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है।

परिजनों ने जनता से अनुरोध किया है कि यदि किसी को संध्या कुमारी और अर्चना कुमारी के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं नजर आएं, तो तुरंत निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क करें:

  • 9304325190
  • 9060740953
  • 9122072803

पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और बच्चियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version