रांची: रांची जिले के मांडर प्रखंड में आज आजीविका न्याय सलाह केंद्र, एकल सुविधा केंद्र और मांडर आजीविका महिला संकुल संगठन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और अधिकार-संपन्न बनाने के लिए लगातार ठोस प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आजीविका से जुड़ी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक मजबूती के साथ सम्मानजनक जीवन प्रदान करने में सहायक साबित हो रही हैं।

OSF परियोजना के तहत सखी मंडल से जुड़ी 115 महिला उद्यमियों को कुल ₹59,72,000 की कम्युनिटी एंटरप्राइज फंड (CEF) राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही लाभुकों के बीच आजीविका से संबंधित विभिन्न परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और उपस्थित लोगों को जेंडर शपथ दिलाई गई, जिससे सामाजिक समानता, सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। मंत्री ने बताया कि न्याय सलाह केंद्र और एकल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को न्याय, आजीविका और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

इस मौके पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि महिला केंद्रित योजनाएं राज्य के ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं और इससे गांवों में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, आजीविका मिशन से जुड़े प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version