Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार सुबह एक बड़ा आपराधिक मामला सामने आया, जब डोरंडा स्थित स्कूल जा रही एक छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र के सिरमटोली फ्लाईओवर के पास हुई। अपहरण के समय छात्रा के साथ उसकी शिक्षिका और एक सहेली भी मौजूद थीं।

कार सवार युवकों ने जबरन किया किडनैप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा बैटरी रिक्शा से स्कूल जा रही थी, तभी कार सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और जबरन छात्रा को गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने घटना के दौरान तीन से चार राउंड फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।

पुलिस की कार्रवाई और अलर्ट जारी

घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और सिटी डीएसपी रमन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट जारी किया है और शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

संदिग्ध वाहन का नंबर स्कूटी से जुड़ा

जांच के दौरान यह सामने आया कि प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए कार के नंबर का रजिस्ट्रेशन स्कूटी से जुड़ा हुआ निकला। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और अपराधियों की पहचान की जा रही है।

रांची की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने रांची में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version