रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रांची जिले में इन्यूमेरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेज़ी से जारी है। इस बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जब बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उनके घर फॉर्म भरवाने पहुंचे, तो उन्हें मना न करें और पूरी प्रक्रिया में सहयोग करें।

सही जानकारी से बनेगी त्रुटिरहित मतदाता सूची

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को सही, शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए इन्यूमेरेशन फॉर्म भरना बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यदि मतदाता सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराते हैं, तो उनका नाम मतदाता सूची में बिना किसी त्रुटि के दर्ज रहेगा।

उन्होंने कहा कि गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी देने से भविष्य में मतदान के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक मतदाता को फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।

बीएलओ की आधिकारिक ड्यूटी में करें सहयोग

मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि घर-घर जाकर इन्यूमेरेशन फॉर्म भरवाना बीएलओ की आधिकारिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। ऐसे में मतदाता उनका सहयोग करें और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि फॉर्म में अपना नाम, पिता या पति का नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर सहित सभी व्यक्तिगत जानकारियां सही-सही दर्ज कराएं। साथ ही फॉर्म जमा करने से पहले एक बार सभी विवरणों की दोबारा जांच अवश्य कर लें।

राजनीतिक दलों और मीडिया से भी सहयोग की अपील

उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी चुनावों में कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और जिले की मतदाता सूची पूरी तरह स्वच्छ, अद्यतन और विश्वसनीय बने।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और मीडिया से भी इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version