रामगढ़ : जिले के राजरप्पा थाना क्षेत्र में हुई बड़ी ज्वेलरी डकैती का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए गए हैं।

21 अप्रैल को हुई थी वारदात

यह घटना 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3:40 बजे चितरपुर-राजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई थी। हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में घुसकर अचानक धावा बोला और गहनों की लूट कर फरार हो गए थे। घटना के बाद दुकान मालिक विष्णु प्रसाद के बयान पर राजरप्पा थाना में मामला दर्ज किया गया था।

एसआईटी गठन के बाद तेज हुई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुकेश लुनायत ने डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़, लातेहार, पलामू, रांची और बिहार के नालंदा जिले में छापेमारी की।

दो महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सुभानी अंसारी उर्फ ललका, मनीष कुमार, रीना देवी, चन्द्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से लूटे गए कीमती जेवरात बरामद किए गए हैं।

वाहन और सामान भी जब्त

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक कार, एक बाइक और अन्य सामग्री भी जब्त की है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version