रांची: रामनवमी के अवसर पर राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक योजना तैयार की है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 26, 27 और 28 मार्च को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।

26 मार्च: झांकियों के चलते प्रतिबंध

26 मार्च को शहर के विभिन्न अखाड़ों से झांकियां निकलेंगी। इस दौरान शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

इसके अलावा शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा। किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक, सुभाष चौक और सुजाता चौक जैसे प्रमुख इलाकों में ऑटो, टोटो और नगर निगम बसों का संचालन भी प्रभावित रहेगा।

27 मार्च: मुख्य जुलूस, सख्त पाबंदियां

27 मार्च को रामनवमी का मुख्य जुलूस निकलेगा, जिस कारण सबसे कड़े ट्रैफिक नियम लागू किए जाएंगे। सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।

दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन, ऑटो और टोटो का संचालन भी बंद रहेगा। वहीं दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी।

इस दौरान किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, शहीद चौक, कचहरी चौक, जेल चौक, कमिश्नर चौक, रेडियम चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, मेन रोड, चर्च रोड, कर्बला चौक, सुजाता चौक, चुटिया बाजार, राजेंद्र चौक, पिस्का मोड़ और रातु रोड जैसे इलाकों में ट्रैफिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

28 मार्च: विसर्जन जुलूस के चलते असर

28 मार्च को चैती दुर्गा विसर्जन के कारण सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। जुलूस के रूट के अनुसार जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

प्रशासन की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित निर्देशों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचें। प्रशासन का कहना है कि ये व्यवस्थाएं सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए की गई हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version