रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का असर झारखंड में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बुधवार को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बादल छाए रहे और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

सिमडेगा में सबसे अधिक 34 मिमी बारिश

बुधवार को सिमडेगा में सबसे अधिक 34 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मेदिनीनगर में 21 मिलीमीटर और रांची में 14 मिलीमीटर वर्षा हुई। बारिश के कारण राजधानी रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस कम हो गया। रांची का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

16 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 जुलाई को रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

17 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान

17 जुलाई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है। रांची में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

18 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

18 जुलाई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version