रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 18 से 20 जुलाई के बीच पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।
रांची-दुमका परीक्षा स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08619 रांची-दुमका परीक्षा स्पेशल 19 जुलाई को रात 8:20 बजे रांची से रवाना होगी। यह ट्रेन मुरी, झालिदा, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह और देवघर होते हुए 20 जुलाई की सुबह 5:30 बजे दुमका पहुंचेगी।
वापसी में 08620 दुमका-रांची स्पेशल 20 जुलाई को सुबह 7:45 बजे दुमका से प्रस्थान कर देवघर, जसीडीह, धनबाद, बोकारो और मुरी होते हुए शाम 5:45 बजे रांची पहुंचेगी।
टाटानगर-हजारीबाग रोड मेमू स्पेशल
ट्रेन संख्या 08103 टाटानगर-हजारीबाग रोड मेमू स्पेशल 19 जुलाई को शाम 6:30 बजे टाटानगर से रवाना होगी। यह ट्रेन आदित्यपुर, चांडिल, मुरी, बोकारो और गोमो होते हुए रात 1:15 बजे हजारीबाग रोड पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 20 जुलाई को रात 2:00 बजे हजारीबाग रोड से चलकर सुबह 8:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
रांची-पटना परीक्षा स्पेशल
ट्रेन संख्या 08624 रांची-पटना परीक्षा स्पेशल 19 जुलाई को शाम 6:30 बजे रांची से प्रस्थान करेगी। यह मुरी, बोकारो, गोमो, हजारीबाग रोड, कोडरमा और गया होते हुए रात 2:45 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी में 08623 पटना-रांची स्पेशल 20 जुलाई को सुबह 5:30 बजे पटना से रवाना होकर दोपहर 3:15 बजे रांची पहुंचेगी।
रांची-गढ़वा रोड के लिए दो मेमू स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रांची और गढ़वा रोड के बीच दो अतिरिक्त मेमू स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था की है।
- 08604 रांची-गढ़वा रोड मेमू स्पेशल 18 जुलाई को शाम 5:30 बजे रांची से रवाना होगी और लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह तथा डालटनगंज होते हुए रात 11:45 बजे गढ़वा रोड पहुंचेगी। इसकी वापसी 08603 के रूप में 19 जुलाई को रात 1:00 बजे गढ़वा रोड से होगी और सुबह 6:15 बजे रांची पहुंचेगी।
- 08602 रांची-गढ़वा रोड मेमू स्पेशल 19 जुलाई को शाम 7:45 बजे रांची से प्रस्थान करेगी और रात 1:00 बजे गढ़वा रोड पहुंचेगी। वापसी में 08601 20 जुलाई को रात 1:15 बजे गढ़वा रोड से रवाना होकर सुबह 6:15 बजे रांची पहुंचेगी।
रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने ट्रेन नंबर और समय की पुष्टि कर लें तथा समय से पहले स्टेशन पहुंचकर यात्रा करें, ताकि परीक्षा केंद्र तक सुगमता से पहुंच सकें।
