जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में रविवार देर रात गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के स्टेशन चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक रेलकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जीके गौतम के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना रात करीब पौने 12 बजे की है। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल रेलकर्मी को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिर में लगी गोली, मौके पर गिरे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के दौरान एक गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे वे घटनास्थल पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि रेलकर्मी लॉबी गेट की ओर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version