गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित बोडो इलाके में पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों लड़कियां सगी जुड़वां बहनें हैं। उन्हें नौकरी और अच्छी कमाई का झांसा देकर गिरिडीह बुलाया गया था। यहां लाने के बाद उन्हें एक कमरे में रखा गया और जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की जा रही थी।

लड़कियों ने दिखाई हिम्मत

किसी तरह मौका मिलते ही दोनों लड़कियों ने पचंबा थाना पुलिस को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

छापेमारी के दौरान आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया।

लंबे समय से चल रहा था अवैध धंधा

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला काफी समय से इलाके में किराए का कमरा लेकर यह अवैध कारोबार चला रही थी। आसपास के लोगों को भनक लगते ही वह अपना ठिकाना बदल देती थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे रैकेट में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

मानव तस्करी और देह व्यापार पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version