रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एक दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचीं। राजधानी रांची से लेकर जमशेदपुर तक प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति एयरफोर्स के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गईं। एयरपोर्ट परिसर में सीआईएसएफ, जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जगन्नाथ मंदिर में भूमि पूजन
जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति कदमा स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे प्रस्तावित निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगी। कार्यक्रम में करीब एक घंटे तक उनकी उपस्थिति निर्धारित है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और एंट्री केवल पासधारकों को दी जाएगी।
शहर में सुरक्षा का कड़ा घेरा
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है। प्रमुख चौक-चौराहों, कार्यक्रम स्थल और एयरपोर्ट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वीवीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक रूट में आंशिक बदलाव किया जा सकता है। प्रशासन ने आम नागरिकों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
रांची एयरपोर्ट बना नो-फ्लाइंग जोन
सुरक्षा के मद्देनजर रांची सदर एसडीओ ने एयरपोर्ट और आसपास के इलाके को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून या किसी भी तरह की उड़ान गतिविधि पर रोक रहेगी। साथ ही BNSS की धारा-163 के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

