रांची: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की सीईएन 09/2025 लेवल-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए रांची रेल मंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय गार्डेनरीच को प्रस्ताव भेज दिया है।

तीन चरणों में आयोजित होगी परीक्षा

आरआरबी लेवल-1 सीबीटी परीक्षा का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 3 से 6 अगस्त, दूसरा 9 से 14 अगस्त और तीसरा 17 से 21 अगस्त तक चलेगा।

परीक्षा के लिए रांची, जमशेदपुर, धनबाद और राउरकेला सहित कई प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन और भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी शुरू कर दी है।

प्रतिदिन हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान

रेलवे के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न केंद्रों पर पहुंचने की संभावना है। अनुमानित संख्या इस प्रकार है—

  • रांची: 8,250 अभ्यर्थी
  • बोकारो: 690 अभ्यर्थी
  • जमशेदपुर: 1,635 अभ्यर्थी
  • धनबाद: 2,805 अभ्यर्थी
  • डालटनगंज: 660 अभ्यर्थी
  • राउरकेला: 1,920 अभ्यर्थी

जरूरत पड़ने पर चलाई जाएंगी स्पेशल ट्रेनें

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि जहां भी अतिरिक्त भीड़ होगी, वहां स्पेशल ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।

इस संबंध में रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणानिधि सिंह ने कहा कि परीक्षा को लेकर जो भी आवश्यक व्यवस्थाएं होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेज दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version