हजारीबाग : झारखंड के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। खेल के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बना रहे हजारीबाग को अब राज्य का पहला मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मिल सकता है। यदि योजना तय समय पर आगे बढ़ी, तो खिलाड़ियों को एक ही परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

कई खेलों की आधुनिक सुविधाएं होंगी विकसित

प्रस्तावित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, स्विमिंग और राइफल शूटिंग जैसी खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए प्रोफेशनल ट्रेनिंग व्यवस्था भी तैयार की जाएगी।

खेल विभाग का मानना है कि इससे हजारीबाग और आसपास के जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा और वे राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

सरकार ने मांगा प्रस्ताव

हजारीबाग पहुंचे मुकेश कुमार ने जिला प्रशासन और खेल विभाग से इस परियोजना के लिए प्रस्ताव मांगा है। इसके तहत पूछा गया है कि जिले में किस स्थान को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जा सकता है।

इसके बाद जिले में संभावित स्थानों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

दो जगहों पर चल रही चर्चा

नगर निगम की ओर से दो स्थानों का विकल्प सामने आया है। पहला मौजूदा स्टेडियम परिसर और दूसरा डीवीसी चौक स्थित मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ऑडिटोरियम सह इंडोर स्टेडियम।

माना जा रहा है कि इंडोर स्टेडियम परिसर इस परियोजना के लिए मजबूत दावेदार बन सकता है।

फिटनेस और खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

यह परियोजना सिर्फ खेल मैदान तक सीमित नहीं होगी। यहां स्केटिंग रिंक, योग और ध्यान केंद्र, मल्टी एक्टिविटी एरिया, ओपन जिम और रनिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है।

इससे यह परिसर खिलाड़ियों के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का बड़ा केंद्र बन सकता है।

प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोफेशनल प्रशिक्षण

कॉम्प्लेक्स में प्रशिक्षण और प्रतिभा विकास केंद्र भी स्थापित किए जाने की योजना है। यहां अनुभवी कोच खिलाड़ियों को आधुनिक और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देंगे।

यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है, तो हजारीबाग भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी कर सकेगा। फिलहाल डीवीसी चौक स्थित इंडोर स्टेडियम को लेकर प्लानिंग तेज हो गई है और जल्द ही सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version