पटना : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पटना समाहरणालय में बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने की।
बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
95 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिलाधिकारी ने बताया कि पटना जिले में नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के लिए 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है, इसलिए परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के कदाचार या नियम उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परीक्षा के दिन बंद रहेंगे कोचिंग संस्थान
प्रशासन ने परीक्षा के दिन पटना जिले के सभी कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। साथ ही उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी और परीक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोका जा सके।
अभ्यर्थियों को मिलेगी निशुल्क बस यात्रा सुविधा
राज्य सरकार के निर्देशानुसार नीट अभ्यर्थियों को बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी निगरानी जिला परिवहन पदाधिकारी करेंगे।
इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा और प्रतीक्षा कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर अभिभावकों के लिए छायादार स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा।
अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के दिन लगातार क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया है। किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
एनटीए के दिशा-निर्देशों का होगा पालन
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को अंतर-विभागीय समन्वय के साथ सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और सभी व्यवस्थाओं पर प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
