पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के बसीरहाट में चुनाव बाद हिंसा एक बार फिर सामने आई है। बसीरहाट थाना क्षेत्र के गोत्रा ग्राम पंचायत स्थित राजीव कॉलोनी में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय उर्फ चिंटू को गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पार्टी का झंडा लगाने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता इलाके में पार्टी का झंडा लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामे और मारपीट के बीच अचानक गोली चल गई, जो भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय को जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रोहित रॉय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के बाद पहले से गरम था माहौल
इस घटना से पहले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति पहले से ही गरमाई हुई थी।
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो से जा रहे थे, तभी मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि उनके सीने से पांच गोलियां बरामद हुई थीं।
वायुसेना की नौकरी छोड़ राजनीति में आए थे चंद्रनाथ
चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की थी। उन्हें शुभेंदु अधिकारी का बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था।
उनकी हत्या के बाद भाजपा ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं से राजनीतिक माहौल और तनावपूर्ण हो गया है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस लगातार एक-दूसरे पर हिंसा फैलाने के आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
