धनबाद : नगर निकाय चुनाव के बीच धनबाद मेयर पद को लेकर बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेत्री डॉ. नीलम मिश्रा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने मेयर पद के लिए चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन देने की घोषणा कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह फैसला पार्टी के अंदरूनी मंथन और रणनीति के तहत लिया गया है। नीलम मिश्रा के नाम वापस लेने के बाद अब झामुमो पूरी ताकत के साथ चंद्रशेखर अग्रवाल के समर्थन में उतर गई है।

भाजपा से झामुमो तक का सफर

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चंद्रशेखर अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर झामुमो का दामन थामा था। वे पहले भी धनबाद के मेयर रह चुके हैं और शहर की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं।

चुनावी समीकरणों में बदलाव

झामुमो के समर्थन के बाद चंद्रशेखर अग्रवाल की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस फैसले से विपक्षी खेमे पर भी दबाव बढ़ेगा और चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

बता दें कि धनबाद नगर निगम चुनाव के तहत 23 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में यह घटनाक्रम चुनाव से पहले बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version