जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध के बीच पुलिस ने एक ओर जहां चोरी की बाइक के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप से तेल लेकर फरार होने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चोरी की बाइक के साथ बदमाश गिरफ्तार
गोलमुरी थाना पुलिस ने टिनप्लेट गोल चक्कर के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान सोनू कालिंदी को गिरफ्तार किया। वह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह लाल भट्ठा का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सोनू कालिंदी के पास से एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी और आरोपी के पास कोई वैध कागजात भी नहीं मिले। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बाइक 28 मार्च को साकची थाना क्षेत्र के टैंक रोड से लॉक तोड़कर चोरी की गई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पेट्रोल पंप से 41 हजार का तेल लेकर फरार
दूसरी घटना मानगो थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-33 स्थित हिल व्यू ऑटो माइल पेट्रोल पंप की है। यहां महिंद्रा पिकअप वाहन से पहुंचे दो युवकों ने 41 हजार रुपये का तेल भरवाया और भुगतान किए बिना फरार हो गए।
पेट्रोल पंप के मैनेजर रामकृष्ण साहू के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में मुस्तफा और वाहन चालक को आरोपी बनाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
