रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (10 नवंबर) को राजधानी रांची में भव्य रोड शो करेंगे। यह रोड शो ओटीसी ग्राउंड से रातू रोड चौक तक लगभग डेढ़ घंटे तक चलेगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी लगातार इस मार्ग का निरीक्षण कर रहे हैं और जहां भी किसी प्रकार की खामियां पाई जा रही हैं, उसे तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

एसपीजी की टीम ने संभाला मोर्चा

प्रधानमंत्री मोदी के इस रोड शो के लिए सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) की टीम ने संभाल ली है। यह टीम शुक्रवार की सुबह ही रांची पहुंच गई और सुरक्षा का जायजा लिया। इसके साथ ही झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत 11 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती का आदेश दिया है।

शाम 4:55 बजे से शुरू होगा रोड शो

प्रधानमंत्री के शेड्यूल के अनुसार, वे रविवार को दिन के 12 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे बोकारो के लिए रवाना होंगे, जहां उनका हेलीकॉप्टर दिन के 12:45 बजे बोकारो हेलीपैड पर लैंड करेगा। प्रधानमंत्री चंदनकियारी विधानसभा में दोपहर 1:45 बजे तक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

1:55 बजे पीएम बोकारो से गुमला के लिए उड़ान भरेंगे और 3:05 बजे वहां पहुंचेंगे। गुमला में चुनावी सभा के बाद शाम 4:15 बजे वे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लौटेंगे। इसके बाद पिस्का मोड़ स्थित ओटीसी मैदान से रोड शो शुरू होगा, जो लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा होगा और रातू रोड चौराहा तक जाएगा।

सुरक्षा इंतजाम और मार्ग निरीक्षण

प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मार्ग का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि कोई चूक न हो। विभिन्न स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

रोड शो के बाद का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी रांची में अपने डेढ़ घंटे के प्रवास के बाद 6:35 बजे विशेष विमान से रवाना होंगे। यह रोड शो न सिर्फ झारखंड की राजनीति में एक नई ऊर्जा लाने का कार्य करेगा, बल्कि राज्य के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण भी होगा।

इसे भी पढ़ें

Jharkhand Assembly Election: पीएम मोदी का रोड शो रांची में 10 अक्टूबर को, सड़कें होने लगी चकाचक

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version