Parle Melody Production : पार्ले की मशहूर मेलोडी टॉफी एक बार फिर सुर्खियों में है। “मेलोडी इतनी चॉकोलेटी क्यों है?” वाला सालों पुराना विज्ञापन अब सोशल मीडिया पर नए अंदाज में ट्रेंड कर रहा है।
दरअसल, एक वायरल वीडियो में नरेंद्र मोदी को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की लोकप्रिय मेलोडी टॉफी गिफ्ट करते हुए देखा गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर ‘मेलोनी-मेलोडी’ ट्रेंड करने लगा।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ी भारी मांग
वीडियो वायरल होने के बाद मेलोडी टॉफी की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। पार्ले प्रोडक्ट्स के उपाध्यक्ष मयंक शाह के अनुसार, स्विगी इंस्टामार्ट, ब्लिंकिट और ज़ेप्टो जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर मेलोडी की सर्चिंग अचानक कई गुना बढ़ गई।
कंपनी का कहना है कि वितरकों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से इतनी अधिक डिमांड आने लगी कि स्टॉक कम पड़ने लगा। इसके बाद कंपनी ने तुरंत उत्पादन बढ़ाने का फैसला लिया।
पार्ले ने बताया सबसे बड़ा अभियान
मयंक शाह ने इस पूरे घटनाक्रम को मेलोडी ब्रांड के इतिहास का सबसे बड़ा और सफल अभियान बताया। उन्होंने कहा कि यह कंपनी के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक मंच पर एक स्वदेशी ब्रांड को पहचान दिला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने दुनिया के सामने भारतीय ब्रांड को नई पहचान दी है और अब कंपनी की जिम्मेदारी है कि मेलोडी को और बड़े स्तर पर पहुंचाया जाए।
100 से अधिक देशों में बिकती है मेलोडी
मेलोडी पहले से ही भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉफियों में शामिल है और यह 100 से अधिक देशों में उपलब्ध है। वायरल वीडियो के बाद विदेशों से भी इसकी मांग तेजी से बढ़ने लगी है।
कंपनी ने शुरू किया नया प्रमोशन अभियान
पार्ले प्रोडक्ट्स ने इस मौके का फायदा उठाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मेलोडी के नए विज्ञापन और प्रचार अभियान शुरू कर दिए हैं। आने वाले दिनों में टीवी और अन्य मीडिया माध्यमों पर भी इसका व्यापक प्रचार किया जाएगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रांड की मौजूदगी और मजबूत हो सके।

