रांची: सदर अस्पताल में जिला सलाहकार समिति (पीसी एंड पीएनडीटी) की महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटर से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर कई अहम फैसले लिए गए।
6 नए सेंटर को मिली मंजूरी
समिति ने प्रस्तुत आवेदनों पर विचार करते हुए 6 नए अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन और 4 सेंटर के नवीकरण को स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही मशीनों की फार्म-बी में प्रविष्टि और दस्तावेज सत्यापन के बाद चिकित्सकों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।
कई प्रस्तावों पर बनी सहमति
बैठक में विभिन्न मामलों पर निर्णय लेते हुए यूएसजी मशीन स्थानांतरण के 1 आवेदन, नए डॉक्टरों की नियुक्ति के 7 आवेदन, मशीन खरीद के 6 आवेदन और फार्म-बी प्रविष्टि से जुड़े 19 आवेदनों को स्वीकृति दी गई। वहीं मशीन डिसमेंटलिंग या रीफर्बिसिंग से जुड़े एक लाइसेंस को जमा किया गया।
डीसी ने दिए सख्त निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अल्ट्रासाउंड सेंटर का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है।
अन्य उपकरणों पर भी हुई चर्चा
बैठक में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों के रजिस्ट्रेशन से जुड़े विषयों को भी एजेंडा में शामिल किया गया।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, डीपीएम प्रवीण कुमार सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे।

