धनबाद : धनबाद के बीसीसीएल कतरास क्षेत्र अंतर्गत अंगारपथरा कोलियरी के कांटा पहाड़ी इलाके में गुरुवार रात से भू-धंसान की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। अचानक तेज आवाज के साथ जमीन में दरारें पड़नी शुरू हुईं, जो शुक्रवार सुबह तक और चौड़ी हो गईं।
घरों और सड़कों में बड़ी दरारें
भू-धंसान के कारण सड़क के साथ-साथ कई घरों की दीवारों और फर्श में भी बड़ी दरारें आ गई हैं। करीब 100 घरों और लगभग 500 लोगों की आबादी वाले इस इलाके में दहशत का माहौल है। कई परिवार रातभर जागने को मजबूर रहे और लोग अपने जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने लगाए अवैध खनन के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन चल रहा है, जिसके कारण जमीन लगातार कमजोर होती जा रही है। लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही और संरक्षण देने तक के गंभीर आरोप लगाए हैं।
अधिकारियों का विरोध, मौके पर हंगामा
घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका घेराव कर विरोध जताया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध खनन बंद नहीं हुआ और पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की गई, तो कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को अनिश्चितकालीन जाम किया जाएगा।
राहत और भराई कार्य शुरू
घटना के करीब 18 घंटे बाद बीसीसीएल की टीम जेसीबी और हाईवा के साथ मौके पर पहुंची। सीआईएसएफ और पुलिस की मौजूदगी में दरारों को भरने और क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू किया गया।
बीसीसीएल प्रबंधन ने बताया कि यह क्षेत्र पहले से ही डेंजर जोन घोषित है और कई बार नोटिस देने के बावजूद लोग इलाके को खाली नहीं कर रहे हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर पुनर्वास प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही गई है।
